BEGUSARAI: लोक आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद एवं संघ विचारक प्रो. राकेश सिन्हा अपनी मिट्टी और परंपराओं से जुड़ाव की झलक पेश करते नजर आए। उन्होंने बेगूसराय स्थित अपने पैतृक गांव मनसेरपुर में छठ महापर्व के अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
इस दौरान प्रो. राकेश सिन्हा छठ का डाला लेकर श्रद्धा और आस्था के साथ घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठ महापर्व पर पैतृक गांव पहुंचकर पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना में शामिल होना अपनी जड़ों, संस्कृति और लोक आस्था के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है।
वहीं, छठ महापर्व के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय की ओर से श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिले के शहरी क्षेत्र सहित विभिन्न पंचायतों के पोखर एवं छठ घाटों पर पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLV), जिन्हें अधिकार मित्र भी कहा जाता है, की ड्यूटी लगाई गई है। ये स्वयंसेवक घाटों पर आने-जाने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ जरूरत के अनुसार सहयोग कर रहे हैं।