Bihar News: बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के सुग्गा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई. घटना बुधवार रात की है. मृतकों की पहचान रंजीत राय की 25 वर्षीय पत्नी अनामिका कुमारी और उनकी पांच वर्षीय बेटी पीहू के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का है. घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है. इसमें पिछले चार-पांच महीने से पति द्वारा घर खर्च नहीं दिए जाने का जिक्र बताया जा रहा है. हालांकि, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने कहा कि यह नोट उन्हें मृतका के मायके वालों से मिला है और इसकी जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि अनामिका अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ गांव में अकेली रहती थी. पति रंजीत राय और उसके माता-पिता अलग-अलग जगहों पर रहते हैं. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से पति द्वारा घर खर्च नहीं दिए जाने को लेकर महिला परेशान थी.
बुधवार शाम मोबाइल पर पति से महिला की बातचीत हुई थी. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद महिला ने अपनी बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया.
पत्नी का फोन नहीं उठा तो पति ने ग्रामीणों को दी सूचना
कुछ देर बाद जब अनामिका का फोन नहीं उठा तो उसके पति ने गांव के लोगों को फोन कर घर जाकर देखने को कहा. ग्रामीण जब उसके घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था. खिड़की से देखने पर मां-बेटी घर के अंदर बेसुध हालत में दिखाई दीं.
ग्रामीणों ने किसी तरह घर के अंदर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला. तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी, जबकि अनामिका की सांसें चल रही थीं. उसे तत्काल इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इलाज के दौरान देर रात अनामिका की भी मौत हो गई. इसके बाद घटना की जानकारी उसके मायके वालों और पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव मायके वालों को सौंप दिए गए. परिजन शवों को लेकर मुंगेर चले गए.