Bihar Police: बेगूसराय में दुर्गा पूजा को लेकर मद्य निषेध विभाग ने शराबियों और शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापेमारी और जांच अभियान में करीब दो दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें शराब पीने के आरोपितों के साथ शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोग भी शामिल हैं. पूजा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था और हुड़दंग को रोकने के लिए विभाग ने निगरानी और सख्त कर दी है.
मद्य निषेध विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर शराब पीने और बेचने वालों को पकड़ा. गिरफ्तार सभी आरोपितों की मेडिकल जांच कराई गई. इसके बाद मद्य निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया.
मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि सरकार के नशामुक्ति अभियान और दुर्गा पूजा को देखते हुए जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है. जिला पदाधिकारी ऋची पांडेय के निर्देश पर शराब के सेवन और अवैध कारोबार पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि पूजा और मेले के दौरान किसी तरह की परेशानी या अव्यवस्था न हो.
पांच विशेष टीमें कर रहीं लगातार निगरानी
दुर्गा पूजा के दौरान जिले में बाहर से आने वाले लोगों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों और दूसरे इलाकों में शराब का सेवन करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है. अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है. ये टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और जांच कर रही हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को भी जिले के अलग-अलग अनुमंडल क्षेत्रों में शराब पीने के आरोप में करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद हालिया कार्रवाई में करीब दो दर्जन लोगों को पकड़ा गया है.
शराब कारोबारियों पर भी विभाग की नजर
उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह ने कहा कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल बड़े कारोबारियों पर भी विभाग की नजर है. उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की खरीद-बिक्री और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
उन्होंने कहा कि बड़े शराब कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में स्पीडी ट्रायल कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. विभाग का कहना है कि शराब की तस्करी और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.
नकली शराब को लेकर भी लोगों को किया अलर्ट
उत्पाद विभाग ने दुर्गा पूजा के दौरान लोगों से नशे से दूर रहने और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है. अधिकारियों ने नकली शराब के खतरे को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने को कहा है. खासकर युवाओं से शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई है.
उत्पाद अधीक्षक ने साफ कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शराब पीते या बेचते पकड़े जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मद्य निषेध विभाग का अभियान पूजा के दौरान भी जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोग सुरक्षित माहौल में दुर्गा पूजा मना सकें.