BEGUSARAI: बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब दरभंगा लूट कांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान अचानक बम ब्लास्ट हो गया। इस घटना में 3 पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दरभंगा पुलिस और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम लूट कांड के नामजद आरोपियों की तलाश में वृंदावन गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान बदमाशों के ठिकाने पर पहले से रखा गया बम जैसा विस्फोटक अचानक फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही लूटे गए जेवरात की बरामदगी की भी सूचना सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष खुद मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया है और सघन तलाशी अभियान जारी है।
एसपी मनीष ने बताया कि दरभंगा लूट कांड और एक्सिस बैंक लूट मामले के आरोपी यहां छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई। सर्च के दौरान पहले से रखा बम जैसा सामान ब्लास्ट कर गया, जिसमें 2 से 3 पुलिसकर्मी हल्के रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को नावकोठी पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। साथ ही आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।