Bihar News: औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र के सिंहुड़ी गांव में गुरुवार की मध्य रात्रि एक पुराना मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के वक्त घर में सो रहे एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया. हादसे में 12 वर्षीय बबली कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूनम देवी समेत चार लोग घायल हुए हैं. घायलों में नंदनी कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है.
सोते समय अचानक गिरा मकान
बताया जाता है कि पूनम देवी अपने चार बच्चों के साथ गांव स्थित पुराने मिट्टी के मकान में सो रही थीं. रात के समय अचानक मकान की दीवार और छत भरभराकर गिर गई. कुछ ही पल में पूरा कमरा मलबे में तब्दील हो गया और उसमें सो रहे परिवार के पांचों सदस्य दब गए.
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया.
मलबे से बाहर निकालने के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 12 वर्षीय बबली कुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं पूनम देवी, नंदनी कुमारी, रिमी कुमारी और कुंदन कुमार का इलाज शुरू किया गया.
हादसे में घायल नंदनी कुमारी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सक उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं. परिवार के एक सदस्य की मौत और चार लोगों के घायल होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बबली कुमारी की मौत की खबर मिलते ही सिंहुड़ी गांव में मातम पसर गया. एक ही परिवार के कई सदस्यों के मलबे में दबने और 12 वर्षीय बच्ची की मौत से ग्रामीण भी सदमे में हैं. हादसे के बाद गांव में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही.