Bihar Crime News: औरंगाबाद में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये और लैपटॉप समेत अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. वारदात के बाद फरार आरोपी को कैमूर जिले के मोहनिया में पटना मोड़ के पास से संयुक्त पुलिस टीम ने पकड़ा. पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी लूट की वारदात में शामिल था और घटना के बाद फरार हो गया था.


सीएसपी संचालक को गोली मारकर की थी लूट

मामला फेसर थाना क्षेत्र का है. बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार बदमाशों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया था. आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और गोली मार दी. इसके बाद करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए.


घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. औरंगाबाद एसपी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोहनिया थाना, कुदरा थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम बनाई गई.


गुप्त सूचना पर पटना मोड़ के पास दबोचा

पुलिस टीम को आरोपी के मोहनिया में होने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने पटना मोड़ के पास घेराबंदी की और पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली.


मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद औरंगाबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.