Bihar News: अरवल जिले के परासी थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मणपुर बाथे घाट पर रविवार को सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में स्नान करने गए तीन बच्चे अचानक डूबने लगे। इनमें से एक बच्चे को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चे अभी भी लापता हैं।



जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुर बाथे गांव के कुछ बच्चे रविवार को सोन नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देखकर नदी किनारे मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया।



शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में छलांग लगाकर छह बच्चों को बाहर निकाल लिया। हालांकि, चंदन कुमार और हरिओम कुमार का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हादसे की खबर फैलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। लापता बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनकी चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है।