Bihar Road Accident: अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए. धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह हादसा भरगामा थाना क्षेत्र की रघुनाथपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-9 में हुआ. जानकारी के अनुसार, सिरसिया कला (मंडल टोला) से करीब 27 मजदूर महिंद्रा 265 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर धान की रोपाई के लिए जा रहे थे. सुबह करीब 8:30 बजे नहर के पास एक तीखी ढलान पर ट्रैक्टर का ब्रेक अचानक फेल हो गया. ब्रेक फेल होने के बाद ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पीछे की ओर लुढ़कते हुए सीधे पास के तालाब में पलट गया.
हादसे के दौरान कुछ मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रॉली से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, लेकिन कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
इस हादसे में सिरसियाकला पंचायत के मंडल टोला निवासी 50 वर्षीय नैना देवी और 45 वर्षीय मीरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय रंजू देवी ने भरगामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, आधा दर्जन से अधिक घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर किया गया है.
घटना के बाद ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर एक 15 वर्षीय नाबालिग चला रहा था. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि चालक नशे की हालत में था. ढलान पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने के बाद यह बड़ा हादसा हुआ. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टर चला रहा चालक नाबालिग था या नहीं और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है.
मौके पर पहुंचीं भरगामा की अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन योजना के तहत मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.