Bihar News: बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। महलगांव थाना क्षेत्र के उदा घाट स्थित बकरा नदी में मिट्टी निकालने के दौरान तीन बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही महलगांव थाना पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची और बच्चियों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।




हादसे का शिकार हुई बच्चियों की पहचान चीरह पंचायत के वार्ड संख्या चार, उदा गांव निवासी 12 वर्षीय नजदा परवीन, 13 वर्षीय रौफत और 13 वर्षीय ऐनाज के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां सोमवार को उदा घाट के पास बकरा नदी से मिट्टी निकाल रही थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गईं और डूब गईं। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने या पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक तीनों बच्चियां पानी में डूब चुकी थीं। हादसे की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए। सूचना मिलने के बाद महलगांव थाना पुलिस और NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों और विशेष उपकरणों की मदद से नदी के गहरे पानी में बच्चियों की तलाश की जा रही है।




काफी मशक्कत के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक तीनों बच्चियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल, नदी में तलाश अभियान जारी है। हादसे के बाद उदा गांव में शोक और चिंता का माहौल है।