Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उत्तर प्रदेश से आए एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला. घटना जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-27 स्थित बथनाहा की है. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी साहुल के रूप में हुई है. वह अपनी शादी की तैयारियों के सिलसिले में रिश्तेदारों के घर आया था, लेकिन सोमवार सुबह उसका शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सुबह स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तुरंत बथनाहा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज के एसडीपीओ राजकिशोर कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि साहुल रविवार को ही बहराइच से बथनाहा आया था. उसके कुछ रिश्तेदार वार्ड संख्या-27 के गुदरी हाट के पास किराए के मकान में रहकर फूलों का कारोबार करते हैं. साहुल उन्हीं के पास ठहरा हुआ था. परिजनों के अनुसार उसकी शादी तय हो चुकी थी और उसी सिलसिले में वह अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था.
युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि युवक रात के समय छत से गिर गया होगा, जबकि कुछ लोग इस मौत को संदिग्ध मानते हुए किसी आपराधिक घटना की आशंका जता रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है.
बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है.