NAWADA: जिले के ककोलत जल प्रपात की दशा अब सुधरने वाली है. सरकार में पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने रविवार को ककोलत का दौरा किया और अधिकारियों को यहां सुविधाएं बढ़ाने का निर्देश दिया. इस दौरान पर्यटन मंत्री ने बताया कि सीएम के निर्देश के बाद ककोलत जल प्रपात की समय समय पर जांच की जाएगी जिससे फंड का सही तरीके से उपयोग किया जा सके. अद्भुत खूबसूरती समेटे है ककोलत प्रकृति का अद्भुत मजा लेना है तो चले आइए ककोलत. हरे भरे पेड़, पहाड़ों से नीचे गिरता झरना मनभावन दृष्य पेश करता है. हालांकि तमाम खूबसूरती समेटे इस झरने में अभी भी पर्यटकों के लिए तमाम सविधाएं मौजूद नहीं हैं. ककोलत में सैंकड़ों की तादाद में पहुंच रहे पर्यटकों के बीच अब राज्य सरकार की भी इसकी बदहाली को लेकर आंखे खुली हैं. पर्यटन मंत्री ने लिया जायजा सूबे के पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि रविवार को ककोलत पहुंचे और वहां मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान पर्यटन मंत्री ने इस खूबसूरत झरने के आस-पास सड़कों के विकास के बारे में जानकारी दी साथ ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रुम बनाने की भी बात कही.