Vinesh Phogat: दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को बड़ी राहत देते हुए एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की चयन नीति पर सवाल उठाते हुए इसे बहिष्कारी करार दिया।
चीफ जस्टिस डी.के. उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की बेंच ने 22 मई को यह आदेश पारित किया, जिसे शनिवार को सार्वजनिक किया गया। अदालत ने स्पष्ट किया कि 30 और 31 मई 2026 को आयोजित होने वाले चयन ट्रायल्स में विनेश फोगाट भाग ले सकेंगी। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि ट्रायल्स की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और इसमें भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) तथा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के एक-एक स्वतंत्र पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे।
अदालत ने कहा कि WFI द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस में जिन मुद्दों को उठाया गया है, वे पहले से तय और बंद हो चुके मामलों को दोबारा उठाने जैसे प्रतीत होते हैं। ऐसे में खेल और न्याय के हित में विनेश को ट्रायल्स में शामिल होने की अनुमति देना जरूरी है।
गौरतलब है कि भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाते हुए उन्हें 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया था।
15 पन्नों के नोटिस में WFI ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इनमें 2024 पेरिस ओलंपिक में वजन कटौती में असफल रहने के कारण अयोग्य घोषित होना, एंटी-डोपिंग नियमों के तहत कथित लोकेशन फेल्योर और मार्च 2024 के चयन ट्रायल्स में दो अलग-अलग वेट कैटेगरी में भाग लेना शामिल था।
करीब 18 महीने बाद विनेश फोगाट कुश्ती में वापसी करने जा रही हैं। उन्होंने अगस्त 2025 में खेल से दूरी बनाकर राजनीति में कदम रखा था, लेकिन अब एक बार फिर मैट पर लौटने के लिए तैयार हैं।
पेरिस ओलंपिक विनेश के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुआ था। उन्होंने महिलाओं की 50 किलो वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल से ठीक पहले ओवरवेट पाए जाने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिससे वह पदक जीतने से चूक गई थीं।