Vaibhav Suryavanshi: बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। वैभव पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने उन्हें 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की कमान सौंपी है। सूरज कश्यप को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने शुक्रवार को टीम की घोषणा की। बिहार अपना पहला मुकाबला 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ खेलेगा। इस टूर्नामेंट में बिहार को ग्रुप-B में रखा गया है। ग्रुप में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु की टीमें भी शामिल हैं।
वैभव सूर्यवंशी के लिए यह एक नई जिम्मेदारी है। अब तक अपनी बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वैभव पहली बार बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व करेंगे। शुरुआती दो मुकाबलों में उनकी कप्तानी में बिहार की टीम मैदान पर उतरेगी।
वैभव सूर्यवंशी IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं। IPL 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237 से अधिक रहा। वैभव भारतीय T20 इंटरनेशनल टीम के लिए भी खेल चुके हैं। अब तक उनके नाम 10 T20 इंटरनेशनल मुकाबले हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 80 गेंदों पर 175 रन बनाए थे। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने फाइनल मुकाबला 100 रन से जीत लिया था। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए। इस दौरान अभिषेक शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग साझेदारी में 133 रन बने थे।
बिहार की 17 सदस्यीय टीम
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से घोषित टीम में वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह को शामिल किया गया है।
स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची
बिहार टीम के लिए स्टैंडबाय खिलाड़ियों में बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव को रखा गया है। वहीं, मंगल महौर और शाकिब हुसैन की उपलब्धता बिहार के शुरुआती दो मुकाबलों के बाद फिटनेस जांच के आधार पर तय की जाएगी।