Patna News: अमरजीत कुमार (6विकेट) की घातक गेंदबाजी और अश्वनी कुमार (61रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर सिविल ऑडिट ने पटना जिला जूनियर डिवीजन लीग 2026- 27 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में सिविल ऑडिट ने मालसलामी क्रिकेट क्लब को 106 रन से हराया। विजेता व उपविजेता दोनों टीमों ने अगले सत्र में सीनियर डिवीजन लीग खेलने की अर्हता हासिल की।
स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी के ग्राउंड पर खेले गए मैच में मालसलामी सीसी ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। सिविल ऑडिट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाए। जवाब में मालसलामी क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 56 रन पर सिमट गई। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने बढ़ाया उत्साह फाइनल मुकाबले का उद्घाटन पटना जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पटना जिला क्रिकेट संघ का प्रयास है कि जिले के खिलाड़ियों को लगातार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के अधिक से अधिक अवसर मिलें। इसी उद्देश्य से जूनियर डिवीजन, सीनियर डिवीजन और सुपर डिवीजन लीग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जूनियर डिवीजन से लेकर सीनियर और सुपर डिवीजन तक लीग की मजबूत व्यवस्था खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती है। खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के आधार पर अगले स्तर की क्रिकेट में जगह बना सकते हैं। इससे उन्हें बेहतर क्रिकेट खेलने के साथ-साथ खुद को लगातार साबित करने का मौका मिलता है।
रहबर आबदीन ने कहा कि संघ की प्राथमिकता मैचों की संख्या बढ़ाने, खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा उपलब्ध कराने और पटना में क्रिकेट का बेहतर माहौल तैयार करने की है। उन्होंने कहा कि केवल अभ्यास से खिलाड़ी तैयार नहीं होते, बल्कि नियमित मैचों में प्रदर्शन करने से उनकी वास्तविक क्षमता सामने आती है। लीग क्रिकेट इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाताहै।
उन्होंने फाइनल में पहुंची दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फाइनल किसी भी खिलाड़ी के लिए अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा अवसर होता है। खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता किए बिना अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पटना में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की कमी नहीं है। संघ का प्रयास है कि इन खिलाड़ियोंको ऐसा मंच मिले, जहां वे लगातार खेलकर अपनी प्रतिभा को निखार सकें और आगे जिला, राज्य तथा उच्च स्तर की क्रिकेट में अपनी जगह बना सकें। उन्होंने कहा कि इस सत्र में हुई सभी क्रिकेट लीग की विजेता व उपविजेता टीमों के अलावा को एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर पुरस्कृत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी तिथि घोषित की जायेगी। मैच समाप्ति के बाद खिलाड़ियों को पूर्व रणजी प्लेयर निखिलेश रंजन और सिग्मा स्पोस के उज्ज्वल सिंह ने पुरस्कृत किया। सबों का स्वागत लीग आयोजन समिति के चेयरमैन धनंजय कुमार ने किया। धनंजय कुमार ने इस मौके पर कहा कि संघके उपाध्यक्ष रहबर आबदीन के भरपूर सहयोग की बदौलत पटना जिला क्रिकेट संघ ने इस सत्र के अपने सभी लीगों का सफल समापन करने में सफल रहा। इस मौके पर आयोजन समिति के सदस्य डॉ मुकेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।
टॉस जीतकर मालसलामी क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सिविल ऑडिट की शुरुआत अच्छी नहीं रही और हिमांशु राज महज एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अश्वनी कुमार ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अश्वनी ने महज 34 गेंदों पर 61 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 3छक्के शामिल रहे। उनके अलावा दीवान रेहान खान ने 24 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल थे। अमित कुमार ने 19 गेंदों पर 18 रन का योगदान दिया। बाद के बल्लेबाजों ने भी उपयोगी रन जोड़े और सिविल ऑडिट ने निर्धारित 20 ओवर में 162 रनका स्कोर खड़ा किया। सिविल ऑडिट की पारी में कुल 15 अतिरिक्त रन मिले। मालसलामी की ओर से दिलखुश सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए। हर्ष राज ने दो विकेट हासिल किए जबकि अमृत राज, यश राज और अयान को एक-एक विकेट मिला।
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालसलामी क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। सलीम सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान यश राज ने 18 गेंदों पर 17 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध दिखाया लेकिन उनके आउट होते ही टीम की पारी लगातार दबाव में आती चली गई। इसके बाद मालसलामी के बल्लेबाज सिविल ऑडिट के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए। नमन राज ने 14 गेंदों पर केवल दो रन बनाए,जबकि हर्ष राज और आदित्य पांडे खाता भी नहीं खोल सके। विकेटकीपर बल्लेबाज अक्षत शौर्य ने 19 गेंदों पर चार रन बनाए। हर्षित शर्मा ने 30 गेंदों पर आठ रन बनाए। अयान ने 13 गेंदों पर पांच रन का योगदान दिया। पूरी टीम 18.3 ओवर में 56 रन पर ऑल आउट हो गई। मालसलामी की पारी में 19 अतिरिक्त रन भी शामिल रहे। अमरजीत कुमार ने बरपाया कहर सिविल ऑडिट की जीत के सबसे बड़े नायक अमरजीत कुमार रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 7 रन देकर छह विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी किया। अर्जुन राणा ने भी चार ओवर में नौ रन देकरदो विकेट लिए। दीवान रेहान खान और सन्नी को एक-एक सफलता मिली। विजेता टीम के अमरजीत कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। संक्षिप्त स्कोर सिविल ऑडिट : 20 ओवर में 162 रन पर ऑल आउट, अश्वनी कुमार 61,
सिविल ऑडिट : 20 ओवर में 162 रन पर ऑल आउट, अश्वनी कुमार 61,सन्नी 11,अमित कुमार 18, दीवान रेहान खान 33,अतिरिक्त 15, दिलखुश 3/25, अमृत राज 1/24, यश राज 1/35, अयान 1/41, हर्ष राज 2/26 मालसलामी सीसी: 18.3 ओवर में 56 रन पर ऑल आउट, यश राज 17, अतिरिक्त 19, दीवान रेहान खान 1/21, अमरजीत कुमार 6/7, अर्जुन राणा 2/9, सन्नी 1/0