IPL 2026: आईपीएल 2026 में रविवार की रात चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में ऐसा बल्लेबाजी तूफान देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस को रोमांचित कर दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के विस्फोटक ओपनर Josh Inglis ने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बारिश कर दी। हालांकि वह अपने शतक से महज 15 रन दूर रह गए, लेकिन अपनी तूफानी पारी से उन्होंने आईपीएल इतिहास की एक खास लिस्ट में जगह बना ली।


चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी करने उतरे जोश इंग्लिस शुरुआत से ही बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने आते ही बड़े शॉट खेलने शुरू कर दिए और चेन्नई के गेंदबाजों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। इंग्लिस ने सिर्फ 33 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 6 लंबे छक्के शामिल रहे। जिस अंदाज में वह बल्लेबाजी कर रहे थे, उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ देंगे।


सबसे ज्यादा कहर उन्होंने पावरप्ले में बरपाया। शुरुआती 6 ओवर में ही इंग्लिस ने 25 गेंदों पर 77 रन कूट दिए। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने पावरप्ले खत्म होने तक 91 रन बना लिए थे। चेन्नई के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में नजर आए और कोई भी गेंदबाज इंग्लिस को रोक नहीं पा रहा था।


हालांकि, 10वें ओवर में इंग्लिस की विस्फोटक पारी का अंत हुआ। चेन्नई के तेज गेंदबाज जैमी ओवर्टन ने उन्हें आउट कर बड़ी सफलता दिलाई। इसके साथ ही इंग्लिस का शतक लगाने का सपना अधूरा रह गया, लेकिन उन्होंने आईपीएल के रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह जरूर बना ली।


दरअसल, जोश इंग्लिस अब आईपीएल के एक मैच के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गिलक्रिस्ट ने साल 2009 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ पावरप्ले में 74 रन बनाए थे, जबकि इंग्लिस ने चेन्नई के खिलाफ 77 रन ठोक दिए।


आईपीएल के एक मैच के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश राणा के नाम दर्ज है। रैना ने साल 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ पावरप्ले में 87 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज Travis Head हैं, जिन्होंने 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 84 रन बनाए थे।


आईपीएल के एक मैच के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज


इंग्लिस की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 203 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालांकि बीच के ओवरों में टीम की रनगति थोड़ी धीमी पड़ गई थी, लेकिन आखिर में शाहबाज अहमद  और हिम्मत सिंह ने तेजी से रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।


चेन्नई की ओर से जेमी ओवरटन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं नूर अहमद ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक विकेट हासिल किया। बावजूद इसके जोश इंग्लिस की तूफानी बल्लेबाजी पूरे मैच की सबसे बड़ी चर्चा बन गई।