IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुंबई इंडियंस ने भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपनी टीम में शामिल किया है, जबकि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अब पंजाब किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे. दोनों फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इस बड़े ट्रेड की आधिकारिक घोषणा की.


अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस से जुड़ने के बाद टीम की गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है. उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अच्छा अनुभव है और वह अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं. खासकर मैच के अहम मौकों पर उनकी गेंदबाजी मुंबई के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है.


अर्शदीप के आने से मजबूत होगी गेंदबाजी

मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने अर्शदीप सिंह का टीम में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से टीम की गेंदबाजी को नया आयाम मिलेगा. उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी हमेशा ऐसी टीम तैयार करने की कोशिश करती है, जिसमें अनुभव, कौशल और जीतने का जज्बा हो. अर्शदीप में ये सभी खूबियां मौजूद हैं.


आकाश अंबानी ने कहा कि मुंबई इंडियंस और टीम के प्रशंसक अर्शदीप का नीली और सुनहरी जर्सी में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं.


हार्दिक पंड्या के साथ मुंबई का सफर खत्म

वहीं, हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में जाने पर आकाश अंबानी ने उनके योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि हार्दिक के साथ मुंबई इंडियंस की कई यादगार यादें जुड़ी हुई हैं. टीम ने उन्हें एक युवा क्रिकेटर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और फिर मुंबई की कप्तानी संभालने तक का सफर तय करते देखा है.


आकाश अंबानी ने हार्दिक के खेल, जोश और टीम के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.


हार्दिक पंड्या ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी. वह टीम के चार आईपीएल खिताब जीतने वाले अभियानों का हिस्सा रहे. इसके बाद 2024 में वह कप्तान के रूप में मुंबई इंडियंस में वापस लौटे थे. अब आईपीएल 2027 में वह पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे.


कौन संभालेगा मुंबई की कप्तानी?

हार्दिक पंड्या के जाने के बाद मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने फिलहाल नए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है. मुंबई इंडियंस की ओर से कहा गया है कि आगामी सीजन के लिए कप्तानी के सभी विकल्पों पर सोच-समझकर विचार किया जाएगा और सही समय पर इस बारे में फैसला लिया जाएगा.