Bihar Sports Quota Job: बिहार सरकार ने राज्य के दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों मुकेश कुमार और आकाश दीप को खेल कोटे के तहत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की है। दोनों खिलाड़ियों की उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों को देखते हुए यह प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है।


बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026 के तहत दोनों क्रिकेटरों को सीधे DSP पद पर नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी ने इस संबंध में गृह विभाग को प्रस्ताव भेज दिया है। चयन समिति ने भी दोनों खिलाड़ियों के नामों को स्वीकृति प्रदान कर दी है।


सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार, मुकेश कुमार ने चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य के रूप में स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। वहीं आकाश दीप भी स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा आकाश दीप ने वर्ष 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था।


मुकेश कुमार का जन्म 12 अक्टूबर 1993 को हुआ था। वे बिहार के गोपालगंज जिले के काकड़कुंड गांव के निवासी हैं और स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। वहीं आकाश दीप का जन्म 15 फरवरी 1994 को हुआ था। वे सासाराम के बड्डी गांव के रहने वाले हैं।


चयन समिति की सिफारिश के बाद दोनों खिलाड़ियों को गृह विभाग, बिहार आवंटित किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्हें 9,300 से 34,800 रुपये वेतनमान, 5,400 रुपये ग्रेड पे तथा वेतन स्तर-9 का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।


सरकार ने नियुक्ति के लिए कुछ आवश्यक शर्तें भी निर्धारित की हैं। चरित्र एवं पूर्ववृत्त सत्यापन रिपोर्ट आने तक दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति शुरुआती छह महीने के लिए औपबंधिक रहेगी। सत्यापन पूरा होने के बाद ही नियुक्ति नियमित की जाएगी।


खेल कोटे के तहत नियुक्त खिलाड़ियों को एक बांड भी भरना होगा, जिसके अनुसार उन्हें नौकरी ज्वाइन करने की तारीख से अगले पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी के रूप में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना होगा। निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने पर उनकी सेवा स्थायी नहीं की जाएगी।


बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने दोनों खिलाड़ियों के खेल प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर लिया है। हालांकि भविष्य में यदि कोई शैक्षणिक, आवासीय या खेल संबंधी दस्तावेज गलत या फर्जी पाया जाता है तो नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।