Bihar State Sports Awards 2026: बिहार के खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) ने ‘बिहार राज्य खेल सम्मान 2026’ के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है. यह प्रक्रिया 24 जून 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे.


राज्य सरकार की ओर से यह सम्मान उन खिलाड़ियों, कोचों, खेल संघों और खेल अधिकारियों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है. इस घोषणा के बाद राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.


खेल प्राधिकरण के अनुसार, इस सम्मान के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से लिए जाएंगे. इच्छुक उम्मीदवार घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म भरना होगा और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.


आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 तय की गई है. विभाग ने साफ किया है कि इस तारीख के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी अभ्यर्थियों को शाम 5 बजे तक अपना आवेदन पूरा करना अनिवार्य होगा.


प्राधिकरण ने इस बार आवेदन प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की है. खिलाड़ियों की सुविधा के लिए एक QR कोड जारी किया गया है, जिसे स्कैन करके सीधे आवेदन पेज पर पहुंचा जा सकता है. इससे आवेदन प्रक्रिया पहले से ज्यादा सरल हो गई है.


इसके अलावा, किसी भी तरह की तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9031045384 भी जारी किया है. इस नंबर पर संपर्क कर खिलाड़ी आवेदन से जुड़ी सहायता प्राप्त कर सकते हैं.


बिहार राज्य खेल प्राधिकरण का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाना है. सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक खिलाड़ी आगे आएं और राज्य का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें.