IPL 2026 का रोमांच पूरे देश में छाया हुआ है। इसी बीच देश के मशहूर उद्योगपति और वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने बिहार के लिए एक अलग IPL टीम बनाने की इच्छा जताई है। उनके इस बयान के बाद बिहार में क्रिकेट को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। लोग अब सवाल पूछ रहे हैं कि जब चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ और गुजरात जैसी टीम IPL में खेल सकती हैं, तो बिहार की अपनी टीम क्यों नहीं हो सकती?
अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जिस तरह चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमें अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करती हैं, उसी तरह बिहार की भी एक दमदार IPL टीम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी में टैलेंट की कोई कमी नहीं है, लेकिन यहां के खिलाड़ियों को अब तक वह बड़ा मंच नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार हैं।
अपने पोस्ट में उन्होंने बिहार के कई युवा क्रिकेटरों का जिक्र भी किया। उन्होंने पटना के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सबसे कम गेंदों में ODI डबल सेंचुरी लगाकर पूरी दुनिया को चौंका दिया था। इसके अलावा समस्तीपुर के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भी नाम लिया, जिन्होंने कम उम्र में IPL में अपनी पहचान बनाई। वहीं गोपालगंज के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन की गेंदबाजी की भी उन्होंने जमकर तारीफ की और कहा कि आने वाले समय में यह खिलाड़ी बड़ा नाम बन सकता है।
अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार ने देश को कई शानदार खिलाड़ी दिए, लेकिन इसके बावजूद राज्य को क्रिकेट में वह पहचान नहीं मिली जिसकी उसे जरूरत थी। उन्होंने कहा कि यह बात उन्हें हमेशा परेशान करती है। उनके मुताबिक बिहार के युवाओं में जुनून और मेहनत दोनों है, बस उन्हें सही प्लेटफॉर्म और बेहतर सुविधाओं की जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका सपना है कि बिहार में world class cricket infrastructure तैयार हो, ताकि यहां के खिलाड़ियों को बाहर जाने की जरूरत न पड़े। अगर बच्चों को अच्छी coaching, stadium और support system मिले तो बिहार की टीम देश की सबसे मजबूत टीमों में शामिल हो सकती है।
पोस्ट में उन्होंने बिहार को सिर्फ एक राज्य नहीं बल्कि “इमोशन” बताया। उन्होंने लिखा कि अब समय आ गया है कि बिहार का टैलेंट देश और दुनिया के बड़े क्रिकेट मंच पर दिखाई दे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार की क्रिकेट टीम और यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए वह हर संभव मदद करने को तैयार हैं।
अनिल अग्रवाल के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से आने लगीं। कई लोगों ने कहा कि बिहार में क्रिकेट के लिए टैलेंट की कभी कमी नहीं रही, लेकिन सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ी पीछे रह जाते हैं। वहीं कुछ लोगों ने मांग की कि बिहार में जल्द एक बड़ा international stadium बनाया जाए और राज्य को IPL में प्रतिनिधित्व मिले।
इस पूरे मामले में बिहार सरकार की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि वह अनिल अग्रवाल की बात से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार क्रिकेट को लेकर vision और mission mode में काम कर रही है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक फैसला लिया जा सकता है।