DESK: गुरूवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल के मैच के बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिख रहा है कि मुंबई इंडियंस टीम के मालिक आकाश अंबानी मैच के बीच में ही स्टेडियम छोड़कर जा रहे हैं. अमूमन मुंबई इंडियस के हर मैच में शुरु से लेकर आखिर तक जमे रहने वाले आकाश अंबानी गुरूवार को हुई मैच में अपनी टीम की सबसे बुरी हार को देख नहीं पाये. 


बता दें कि मुंबई इंडियंस को गुरुवार को IPL 2026 के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स से करारी हार का सामना करना पड़ा. चेन्नई ने की टीम ने मुंबई के सामने 208 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन मुंबई इंडियंस की टीम 19 ओवर में सिर्फ 104 रन ही बना सकी. आईपीएल के इतिहास में रनों के हिसाब से मुंबई की सबसे बड़ी हार है.


लगातार हार से आकाश अंबानी निराश

आईपीएल की पांच बार की चैंपियन मुंबई की टीम इस सीजन में काफी खराब प्रदर्शन कर रही है और अब तक खेले गये सात मैचों में से पांच मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है.  गुरूवार को वानखेड़े स्टेडियम के होम ग्राउंड पर चेन्नई के खिलाफ मुकाबले के दौरान मुंबई की हालत खराब देख मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी भी नहीं रुके और मैच छोड़कर चले गए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


पूरा मैच नहीं देख पाये आकाश 

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम अपनी 5वीं हार के साथ ही प्लेऑफ की रेस से दूर होती जा रही है। हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में खेल रही मुंबई की टीम ने सात मुकाबलों में से सिर्फ दो में जीत हासिल किया है. पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस की टीम नीचे से तीसरे यानि आठवें स्थान पर मौजूद है. मुंबई को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है. और अब मुंबई इंडियंस के मैच के दौरान टीम के मालिक आकाश अंबानी के स्टेडियम से बाहर जाने की तस्वीरें सामने आईं हैं। आमतौर पर टीम के मालिक मैच के आखिर तक मैदान पर मौजूद रहते हैं और टीम को सपोर्ट करते हैं लेकिन गुरुवार को ऐसा नहीं देखने को मिला. आकाश अंबानी ने मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने दर्शकों या स्टेडियम में मौजूद किसी व्यक्ति को बाहर जाने का इशारा भी किया. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.


चैंपियन खिलाड़ियों के बावजूद मुंबई की हालत खराब

बता दें कि मुंबई इंडियंस की टीम में आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के चार खिलाड़ी शामिल हैं. इस टीम में शामिल सूर्यकुमार यादव और हार्दिक के अलावा जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा पिछले महीने आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे.  का हिस्सा थे. इसके अलावा न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटेनर ने इस विश्व कप में और दक्षिण अफ्रीका टीम के अहम सदस्य क्विंटन डिकॉक भी मुंबई टीम में शामिल हैं. 


खिलाड़ियों पर थकान हावी? 

फिर भी मुंबई इंडियंस को गुरुवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 103 रन की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा, जो रनों के लिहाज से उसकी सबसे बड़ी हार है. टीम के बड़े खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. कप्तान हार्दिक पांड्या ने छह मैचों में केवल तीन विकेट लिए हैं और 97 रन बनाए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव सात मैचों में 156 रन ही बना सके हैं. वहीं, जसप्रीत बुमराह (2 विकेट) और तिलक वर्मा (181 रन) भी एक पारी को छोड़ दे तो खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं.


हालांकि ये भी कहा जा रहा है कि मुंबई की टीम में शामिल बड़े खिलाड़ी लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और थकान के कारण वे बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. लेकिन मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के टी20 विश्व कप में खेलने के कारण लेकर थकान की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि टीम लय और आत्मविश्वास हासिल करने पर ध्यान दे रही है.