Navratri 2026: बिहार के गोपालगंज में शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही मां दुर्गा की भक्ति में पूरा जिला भक्तिमय हो गया है। जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में नवरात्र के पहले दिन मां सिंहासिनी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह तीन बजे मंदिर खुलने के बाद से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में हर तरफ मां के जयकारे गूंज रहे हैं।



गोपालगंज का सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां मां दुर्गा मां सिंहासिनी के स्वरूप में विराजमान हैं। भक्त इन्हें प्यार से थावे वाली मां के नाम से पुकारते हैं। ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से मां के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि नवरात्र के दौरान बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।



थावे दुर्गा मंदिर की धार्मिक मान्यताओं में रहषु भगत की कथा भी काफी प्रसिद्ध है। लोकमान्यता के अनुसार, रहषु भगत मां दुर्गा के अनन्य भक्त थे। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर मां ने उन्हें दर्शन दिए थे। मां के कामरूप से थावे आगमन की कथा भी इसी आस्था से जुड़ी हुई है। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है।



मंदिर के मुख्य पुजारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। सुबह तीन बजे मंदिर खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई है। प्रवेश और निकास द्वार सहित सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल और पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। मंदिर परिसर में स्टील पाइप से बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। वहीं, प्रवेश और निकास द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।



मुख्य पुजारी के मुताबिक, एसडीएम सहित संबंधित पदाधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने विभिन्न गेट और सुरक्षा प्वाइंट का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



शारदीय नवरात्र के पहले दिन थावे दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। भक्त मां सिंहासिनी के दरबार में मत्था टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर में गूंजते जयकारों के बीच नवरात्र का उत्साह चरम पर है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज