Pitru Paksha 2026: पितृपक्ष में गयाजी जाकर पिंडदान करने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए इस बार धार्मिक अनुष्ठान के साथ बिहार घूमने का भी विकल्प है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए पांच अलग-अलग टूर पैकेज जारी किए हैं। 



इन पैकेजों में पटना या गयाजी से आने-जाने, पंडा-पुजारी की सेवाएं, पूजन सामग्री, पिंडदान, होटल में ठहरने और भोजन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कुछ पैकेजों में पिंडदान के साथ राजगीर और नालंदा के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण की सुविधा भी दी गई है। इस वर्ष पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा।



पहले पैकेज में पटना से श्रद्धालुओं को गयाजी ले जाने और पिंडदान के बाद वापस पटना पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। पटना रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और शहर के करीब 10 किलोमीटर के दायरे से पिकअप की व्यवस्था होगी। इसमें पुनपुन घाट पर पिंडदान के बाद गयाजी में फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट से जुड़े अनुष्ठान शामिल हैं। होटल की श्रेणी और यात्रियों की संख्या के अनुसार इस पैकेज की कीमत 14,550 से 30,650 रुपये तक है।



दूसरे पैकेज में एक रात और दो दिन की यात्रा शामिल है। इसमें पिंडदान से जुड़ी सुविधाओं के साथ होटल में ठहरने और शाकाहारी नाश्ता, दोपहर व रात के भोजन की व्यवस्था होगी। पिंडदान के बाद श्रद्धालु राजगीर के विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कर सकेंगे। इस पैकेज की कीमत यात्रियों की संख्या और होटल श्रेणी के अनुसार 18,850 से 40,700 रुपये तक है।



जिन श्रद्धालुओं का मुख्य उद्देश्य गयाजी पहुंचकर पिंडदान करना है, उनके लिए तीसरा पैकेज रखा गया है। इसमें गयाजी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या 15 किलोमीटर के दायरे से पिकअप और ड्रॉप की सुविधा मिलेगी।फल्गु नदी पर तर्पण, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर पिंडदान के साथ पंडाजी की सेवाएं, पूजन सामग्री, आवास और शाकाहारी भोजन भी पैकेज में शामिल हैं। इसकी कीमत 11,250 से 25,250 रुपये तक है।



चौथे पैकेज में एक रात और दो दिन की व्यवस्था है। इसमें गयाजी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या पूजा स्थल से पिकअप-ड्रॉप, कार, होटल में ठहरने और भोजन की सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं के लिए फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर धार्मिक अनुष्ठान की व्यवस्था भी की जाएगी। इस पैकेज की कीमत 16,000 से 39,500 रुपये तक निर्धारित की गई है।



पांचवां पैकेज उन श्रद्धालुओं के लिए है, जो गयाजी में पिंडदान के साथ बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी देखना चाहते हैं। एक रात और दो दिन के इस पैकेज में परिवहन, पिंडदान संबंधी सेवाएं, पूजन सामग्री, होटल और भोजन शामिल हैं। यात्रा के दौरान राजगीर के विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा। हालांकि, पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट पैकेज में शामिल नहीं हैं। इसकी कीमत 16,550 से 32,850 रुपये तक है।



जो श्रद्धालु किसी कारणवश गयाजी नहीं पहुंच सकते, उनके लिए पर्यटन निगम ने ई-पिंडदान का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। इसके तहत श्रद्धालु की शारीरिक मौजूदगी के बिना निर्धारित धार्मिक स्थलों पर अनुष्ठान की व्यवस्था कराई जा सकती है। 23,000 रुपये (GST सहित) के इस पैकेज में विष्णुपद मंदिर, अक्षयवट और फल्गु नदी पर पिंडदान/तर्पण, पंडित-पुरोहित की सेवाएं, पूजन सामग्री और दक्षिणा शामिल है। अनुष्ठान की वीडियो रिकॉर्डिंग कराकर पेन ड्राइव भी उपलब्ध कराई जाएगी।



पर्यटन निगम के अनुसार, श्रद्धालु अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से पैकेज का चुनाव कर सकते हैं। सिर्फ पिंडदान के लिए गयाजी वाला पैकेज, पटना से आने-जाने के लिए पहला पैकेज और धार्मिक यात्रा के साथ बिहार दर्शन के लिए राजगीर-नालंदा वाले पैकेज उपयोगी हो सकते हैं। इन पैकेजों की ऑनलाइन बुकिंग बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। जानकारी और बुकिंग के लिए 8544418408 और 8294307690 पर संपर्क किया जा सकता है।