मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित सिंधिया गुमटी से रविवार को बाबा अमरनाथ की पवित्र यात्रा के लिए 45 श्रद्धालुओं का जत्था पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रवाना हुआ। यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालुओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें शॉल ओढ़ाकर शुभकामनाएं दी गईं।


इस अवसर पर बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, मोतिहारी नगर निगम के डिप्टी मेयर लालबाबू प्रसाद, वार्ड पार्षद मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं को सम्मानित किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।


श्रद्धालुओं के रवाना होते ही "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी से देश में सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना करते हुए सुरक्षित एवं सफल यात्रा का आशीर्वाद मांगा।


इस मौके पर मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी ने कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से देश और राज्य निरंतर प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन श्रद्धालुओं को बाबा का बुलावा मिलता है, वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं।


वहीं, डिप्टी मेयर लालबाबू प्रसाद ने कहा कि अमरनाथ यात्रा को लेकर युवाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति युवाओं की बढ़ती आस्था का सकारात्मक संकेत बताया।