DESK: पश्चिम बंगाल में एक बार फिर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। बीरभूम जिले में खेत से बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड (EPIC) मिलने और बिधाननगर स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद होने के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।


पहला मामला बीरभूम जिले के नानूर ब्लॉक के किरनाहर इलाके का है, जहां 17 मई रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में बड़ी संख्या में वोटर कार्ड बिखरे पड़े देखे। यह खेत एक पूर्व बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के घर के पास स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंच गई।


जांच के दौरान पूर्व BLO हिरण्यप्रभा मेटे माजी से पूछताछ की गई तब पता चला कि 2012 से 2025 तक वो बीएलओ के रूप में काम किया था। हिरण्यप्रभा माजी ने दावा किया कि नए वोटर कार्ड बांटने के दौरान पुराने कार्ड वे अपने पास रख लेती थीं, लेकिन उन्हें ब्लॉक कार्यालय में जमा नहीं कराया गया था।


उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके घर में मरम्मत का काम चल रहा था, इसलिए सभी दस्तावेज एक बोरे में घर के पीछे रखे गए थे। उनके मुताबिक, संभवतः किसी ने उन कागजातों को खेत में फेंक दिया। वहीं दूसरी घटना बिधाननगर के बसंती देवी कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर 36 में सामने आई, जहां स्थानीय TMC कार्यालय से रविवार सुबह 100 से ज्यादा आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा का दावा है कि यह कार्यालय लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था और लोगों के पहचान पत्र वहां अवैध तरीके से रखे जाते थे।


स्थानीय भाजपा नेताओं के अनुसार, 4 मई को विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यालय में ताला लगा दिया था। बाद में ताला खोले जाने पर बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके के कई लोगों को मतदान करने से रोका गया था और उनके पहचान पत्र पार्टी कार्यालय में रख लिए गए थे।


घटना की सूचना मिलने के बाद बिधाननगर साउथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक TMC नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।