Bihar News: पूर्वी चंपारण में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। कोयला बेलवा स्थित विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में नवप्रवेशित मेडिकल विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल अतिथि ने मेडिकल छात्रों को सफेद कोट पहनने के साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दावा किया गया कि यह संस्थान आने वाले दिनों में पूरे उत्तर बिहार के लिए चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने किया. इस मौके पर संस्थान के संस्थापक आलोक शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक व अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे.
मोतिहारी में विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज
मोतिहारी के कोयला बेलवा स्थित विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में आयोजित व्हाइट कोट सेरेमनी में नवप्रवेशित मेडिकल विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। इस मौके पर विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों और समाज के प्रति उनके दायित्वों का एहसास कराया गया। कार्यक्रम में शामिल अतिथि ने सभी छात्र-छात्राओं को सफल चिकित्सकीय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की स्थापना पूर्वी चंपारण ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर बिहार के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। वहीं आम लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
इस दौरान केंद्र और बिहार सरकार की मेडिकल शिक्षा को लेकर चल रही पहल का भी जिक्र किया गया। कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दूरदर्शी योजना पर काम हो रहा है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने और मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए संस्थान के संस्थापक आलोक शर्मा की सराहना की गई। साथ ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना और मान्यता सुनिश्चित कराने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया गया। उम्मीद जताई गई कि आने वाले समय में यह संस्थान चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में पूर्वी चंपारण को नई पहचान दिलाएगा।
विराट रामायण इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के व्हाइट कोट सेरेमनी कार्यक्रम में आगत अतिथियों का स्वागत डॉ मनोज कुमार प्रिंसिपल ने किया. संस्थान के निदेशक आलोक शर्मा, आईएमए के निदेशक डॉ. आशुतोष शऱण, राजीव कुमार, वहीं नए सत्र के 150 विद्यार्थियों के अभिभावक इस कार्यक्रम में मौजूद रहे. कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन अधीक्षक डॉ. शिशिर झा ने किया.