Bihar Politics: बिहार के वैशाली में NH-139W फोरलेन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल पर काम के दौरान लॉन्चर अचानक नीचे गिर गया, जिससे छह कर्मचारी घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला है और गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।



तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, “बिहार में फिर एक पुल गिरा! वैशाली जिले में भ्रष्टाचार के बोझ से फिर एक ओर निर्माणाधीन पुल गिर जाने से करीब आधा दर्जन मजदूरों के दबने और घायल होने की खबर है। कई मजदूरों की हालत गंभीर है। घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी जांच में अनियमितता और एनडीए नेताओं का भ्रष्टाचारी किरदार ही निरंतर गिरते पुलों का मुख्य कारण है। उम्मीद के मुताबिक़ भ्रष्ट एनडीए सरकार फिर अपने भ्रष्टाचार की लीपापोती करेगी।”



दरअसल, वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएचएआई के एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन मार्ग पर गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल पर काम के दौरान अचानक लॉन्चर भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं। 



हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव की कोशिश शुरू की। जख्मी कर्मचारियों को आनन-फानन में लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में छह घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया। वहीं, दो कर्मियों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। लॉन्चर गिरने की खबर फैलते ही निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। 



सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि लॉन्चर तकनीकी खराबी, निर्माण में चूक या किसी अन्य वजह से गिरा।संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे की असल वजह सामने आने की उम्मीद है। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।