Bihar Politics: बिहार की सियासत में पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने के कयास तेज हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि निशांत को जल्द ही डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। इन कयासों पर आरएमएल चीफ और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा का बयान आया है। उन्होंने कहा कि निशांत को जवाबदेही मिले तो उन्हें खुशी होगी।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वे शुरू से ही बोलते रहे हैं। जिस समय जेडीयू के लोग नहीं पसंद करते थे उस समय से ही हम कहते रहे हैं कि निशांत को राजनीति में आना चाहिए। उस वक्त लोगों ने ध्यान नहीं दिया। हम तो बार बार बोलते रहे कि जितना ही लोग विलंब करेंगे, जेडीयू का उतना ही अधिक नुकसान होगा।
कुशवाहा ने कहा कि निशांत को लेकर देर से ही सही लेकिन पार्टी ने फैसला लिया। निशांत को अगर अधिक से अधिक जवाबदेही मिले तो व्यक्तिगत रूप से मुझे अधिक प्रसन्नता होगी और जेडीयू के लिए भी अच्छा होगा।
वहीं दीपक प्रकाश और निशांत कुमार के एक साथ कई मंच साझा करने को लेकर उन्होंने कहा कि अच्छी बात है, दोनों लोग आपस में मिलकर रहें। भाईचारा बनाए रखें और इसी में दोनों की पार्टी की और सब लोगों का भला होगा।
रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना