तमिलनाडु की राजनीति में कल्लाकुरिची जिला कलेक्टर से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला कलेक्टर को कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार शाम पुलिस ने उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया। कलेक्टर की शिकायत के बाद दर्ज मामले में यह कार्रवाई की गई है।



दरअसल, कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर ने 23 नवंबर को जिले की पुलिस अधीक्षक के पास विधायक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विधायक ने उन्हें आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। इसके आधार पर कल्लाकुरिची महिला पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 25 नवंबर को विधायक को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। इसके बाद शुक्रवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।



पुलिस ने विधायक के खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून की धारा 4 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 78, 79 और 132 के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं यौन उत्पीड़न, पीछा करने, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और लोक सेवक के काम में बाधा डालने जैसे आरोपों से संबंधित हैं।



मामले की गंभीरता को देखते हुए मद्रास हाईकोर्ट ने जांच को निष्पक्ष बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। अदालत ने राज्य सरकार को स्पष्ट किया था कि किसी भी आरोपी को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक एन. कामिनी जांच की निगरानी कर रही हैं।



इसके अलावा, यौन उत्पीड़न के आरोपों की विभागीय जांच के लिए एक आंतरिक शिकायत समिति (ICC) भी गठित की गई है। वरिष्ठ IAS अधिकारी काकरला उषा की अध्यक्षता वाली इस समिति को 60 दिनों के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक से निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने की मांग की है।



वहीं, विधायक सी. अरुल विग्नेश ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने आरोपों को फर्जी और बेबुनियाद बताते हुए राजनीतिक रूप से प्रेरित करार दिया है। दूसरी ओर, TVK सरकार के मंत्री ने इस मामले को विपक्षी दल डीएमके की ओर से चलाया जा रहा नैरेटिव बताया है।



इस मामले को लेकर डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शुरुआत में सरकार ने विधायक को बचाने और जिला कलेक्टर की शिकायत को नजरअंदाज करने की कोशिश की।



स्टालिन ने कहा कि मद्रास हाईकोर्ट की सख्ती और राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद विधायक की गिरफ्तारी हुई। फिलहाल, विधायक की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जारी है। पुलिस शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।