DELHI: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद थलपति विजय लगातार चर्चा में बने हुए हैं। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने दिल्ली पहुंचकर पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु से जुड़ी लंबित मांगों और विकास कार्यों को लेकर प्रधानमंत्री से चर्चा की।


बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचे विजय सबसे पहले सेंट्रल दिल्ली स्थित तमिलनाडु हाउस पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी से उनकी मुलाकात शाम 4:30 बजे तय थी। निर्धारित समय पर विजय सेवा तीर्थ पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब 25 मिनट तक बैठक हुई। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि विजय राज्य के विकास से जुड़े कई अहम विषयों को लेकर केंद्र सरकार से बातचीत करने पहुंचे हैं।


बताया जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान विजय अन्य वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है, इसलिए राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। 


गौरतलब है कि अभिनेता से नेता बने विजय ने दो साल पहले अपनी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के जरिए राजनीति में कदम रखा था। हालिया तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया और गठबंधन सरकार के तहत विजय मुख्यमंत्री बने। मुख्यमंत्री बनने के बाद से विजय लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा फैसला लेते हुए सिनेमाघरों में दिनभर में पांच शो चलाने की अनुमति दी, जिसकी काफी चर्चा हुई।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी थी। पीएम मोदी ने कहा था कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास और लोगों के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी। अब सभी की नजरें विजय के इस दिल्ली दौरे पर टिकी हैं कि वह तमिलनाडु के लिए केंद्र से क्या हासिल कर पाते हैं।