Tejashwi Yadav March: पटना में राजद के लोकभवन मार्च को लेकर बुधवार सुबह से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. मार्च में शामिल होने के लिए राजद कार्यकर्ता डाकबंगला चौराहा और जेपी गोलंबर के पास जुटने लगे हैं. कई कार्यकर्ताओं के हाथों में राजद के झंडे के साथ तिरंगा भी नजर आया. मार्च की अगुवाई राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव करेंगे.
लोकभवन मार्च को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.
तेजस्वी यादव ने बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई, कथित अत्यधिक बल प्रयोग और दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोकभवन मार्च का ऐलान किया है. राजद की ओर से इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया है.
डाकबंगला और जेपी गोलंबर पर जुटने लगे कार्यकर्ता
लोकभवन मार्च से पहले ही डाकबंगला चौराहा और जेपी गोलंबर के आसपास राजद कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ने लगी. कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मार्च में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने भी इन इलाकों में व्यवस्था बढ़ा दी है.
तेजस्वी यादव करीब 10:50 बजे मार्च की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे. राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनका मार्च लोकभवन की ओर बढ़ेगा.
मार्च को लेकर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
राजद के लोकभवन मार्च को देखते हुए पटना में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहे की ओर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. गांधी मैदान के चारों तरफ भी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
एग्जीबिशन रोड में भट्टाचार्या चौराहा से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को भी जाने की अनुमति नहीं होगी. एसपी वर्मा रोड से गांधी मैदान जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को स्वामीनंदन तिराहा तक ही जाने दिया जाएगा.
बुद्धमार्ग पर छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ, पुलिस लाइन से बैंक रोड और पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली-टी तक ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर भी रोक रहेगी. आयकर चौराहे से मंदिरी नाले की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा.
दानापुर से राजापुर पुल होते हुए गांधी मैदान जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहा पर रोका जाएगा. ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है.
तेजस्वी ने जताई थी पुलिस कार्रवाई की आशंका
मार्च से एक दिन पहले तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस द्वारा अत्यधिक बल प्रयोग किए जाने की आशंका जताई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि छात्रों को पहले से हिरासत में लिया जा रहा है. उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि मार्च में शामिल होने के लिए आने वाले युवाओं को ट्रेनों से पटना पहुंचने से रोका जा सकता है.
राजद की ओर से मार्च को छात्र आंदोलन और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी ने दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग की है.
मार्च को लेकर राजद कार्यकर्ताओं के जुटने के साथ ही पटना में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की निगरानी बढ़ गई है.