Bihar Politics: आईआरसीटीसी टेंडर घोटाला केस में कोर्ट में पेशी के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दिल्ली से पटना लौट आए। पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार, केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।



तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ चले जाते तो आज उन्हें राजा हरिश्चंद्र बताया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में रहने के कारण उनके पीछे सीबीआई, इनकम टैक्स और अन्य केंद्रीय एजेंसियों को लगाया गया है। 



तेजस्वी ने कहा कि वे मजबूती से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं और अदालत के सामने अपनी पूरी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि वे न्यायालय की प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी अपना पक्ष मजबूती से रखते रहेंगे।



वहीं तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दे सामने आ चुके हैं और आने वाले दिनों में सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स को लेकर भी कई बातें सामने आएंगी। 



तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्षी दलों की ओर से आगे की रणनीति तैयार की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को सभी सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपने की बात भी कही।



राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस के विधान परिषद चुनाव में आमने-सामने उतरने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि दोनों दल पहले भी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव अलग-अलग लड़ते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी उनकी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी और इस बार भी चुनाव में जीत हासिल करने का दावा किया।

रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना