Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर बिहार के तीन प्रमुख समाजवादी नेताओं की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और उनकी जयंती अथवा पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मांग की है।
उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय शरद यादव, स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह और स्वर्गीय रामविलास पासवान को यह सम्मान देने की मांग की है। तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में कहा कि इन नेताओं ने अपने सामाजिक सरोकारों और सक्रिय राजनीतिक जीवन के माध्यम से बिहार की उल्लेखनीय सेवा की। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से बिहारवासी सदैव प्रेरणा लेते रहेंगे।
पत्र में तेजस्वी यादव ने स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह द्वारा बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री को लिखे पत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निधन से कुछ दिन पहले रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपनी कुछ मांगों को पूरा करने की इच्छा जताई थी, लेकिन करीब छह वर्ष बीत जाने के बावजूद उन मांगों पर अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से रघुवंश प्रसाद सिंह की अंतिम इच्छाओं का सम्मान करते हुए उनकी मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
तेजस्वी यादव ने पत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शरद यादव लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे और सामाजिक न्याय की राजनीति के माध्यम से वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी तरह, स्वर्गीय रामविलास पासवान को सामाजिक न्याय, समतावादी विकास और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित नेता बताते हुए तेजस्वी यादव ने उनके योगदान का उल्लेख किया।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शरद यादव, डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह और रामविलास पासवान की राज्य में आदमकद प्रतिमाएं स्थापित की जाएं। साथ ही, इन नेताओं की जयंती अथवा पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि इन नेताओं को सम्मान देना बिहार के प्रति उनके योगदान और सामाजिक सरोकारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पत्र के अंत में तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है।