Bihar Politics: बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जेडीयू में घमासान बढ़ता जा रहा है। मोकामा विधायक अनंत सिंह और जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच छिड़े सियासी संग्राम पर विपक्षी दलों की पैनी नजर है। जेडीयू के भीतर मचे घमासान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बयान आया है। तेजस्वी ने कहा कि जेडीयू अब नीतीश कुमार की पार्टी नहीं रह गई है।



दरअसल, राजद विधायक डॉ. सच्चिदानंद यादव के निधन के बाद रविवार की देर शाम तेजस्वी यादव जहानाबाद के इमलिया चक स्थित उनके आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत विधायक के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में परिवार का हौसला बढ़ाया। तेजस्वी यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा राजद परिवार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।



तेजस्वी यादव ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद यादव का राष्ट्रीय जनता दल से लंबे समय से जुड़ाव रहा था। वे पार्टी के सच्चे समर्थक थे और लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक दौर से ही राजनीति में सक्रिय रहे थे। उनके निधन से व्यक्तिगत रूप से भी उन्हें काफी दुख पहुंचा है। तेजस्वी ने बताया कि बीमारी के दौरान वे लगातार उनके परिवार के संपर्क में थे। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।



इस दौरान बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने जदयू के भीतर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और अनंत सिंह तथा नीरज सिंह से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की पार्टी पर अब भाजपा का प्रभाव बढ़ गया है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि जदयू अब संजय झा और ललन सिंह जैसे नेताओं तक सिमटकर रह गई है।



वहीं, एमएलसी चुनाव में कांग्रेस की ओर से अलग उम्मीदवार उतारे जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि पूर्व में भी दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़े हैं। हालांकि, इससे गठबंधन या विचारधारा पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजद और कांग्रेस की विचारधारा तथा गठबंधन एकजुट हैं।