Bihar Politics: पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद बिहार में जहरीली शराब ने एक बार फिर से मौत का तांडव मचाया है। पटना के बाढ़ में चार लोगों की मौत के बाद सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दल डबल इंजन की सरकार पर हमलावर हो गए हैं। तेजस्वी यादव ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और सरकार से जांच की मांग की है।
तेजस्वी यादव ने पटना के बाढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मामले की हाई लेवल इंक्वायरी कराने की मांग की।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने उनसे कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब और बर्बाद हो चुकी है। लगातार घटनाएं हो रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई और इसमें प्रशासन की क्या भूमिका रही, यह प्रशासन के लोग बताएंगे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि लगातार गरीब लोग ही मारे जा रहे हैं और गरीबों को ही जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ में हुई घटना की पूरी जांच होनी चाहिए।
वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से तेजस्वी यादव द्वारा बुलाई गई बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे किस तरह के कार्यक्रम आयोजित करेगी और संगठन को किस तरह मजबूत किया जाएगा, इस पर बैठक में चर्चा और फैसला होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने दलित और महादलित छात्रों से स्कूलों में अब भी भेदभाव किए जाने और उनसे पोछा लगवाने का मुद्दा उठाया था। तेजस्वी ने कहा कि राहुल गांधी ने बिल्कुल सही बात कही है। उन्होंने कहा कि समाज में छुआछूत जैसी प्रथा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मंदिर में जाने पर कथित शुद्धिकरण किए जाने के सवाल का भी जिक्र किया। तेजस्वी ने कहा कि जो लोग छुआछूत करते हैं, उनके लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग जनता के लिए लड़ते हैं, विपक्ष के हर नेता पर मामला दर्ज किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर मामला दर्ज किया जा रहा है तो होने दीजिए।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना