Bihar Politics: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का देश की राजधानी नई दिल्ली में एक अलग अंदाज देखने को मिला। आम तौर पर सुरक्षाकर्मियों और एस्कॉर्ट गाड़ियों के बीच नजर आने वाले तेजस्वी यादव इस बार ऑटो में सफर करते दिखाई दिए। ऑटो की पिछली सीट पर बैठे तेजस्वी यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह वीडियो रात के समय का है। इसमें राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव दिल्ली की सड़कों पर दौड़ते ऑटो की पिछली सीट पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके साथ ऑटो में कुछ सुरक्षाकर्मी भी मौजूद हैं। वीडियो में पीछे से आवाज आने पर तेजस्वी यादव मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं। तेजस्वी यादव ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किया है, जिसके बाद यह चर्चा में आ गया।
गौरतलब है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों ने हाल के दिनों में विरोध प्रदर्शन किया है। विपक्ष ने मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को विपक्षी सांसदों और नेताओं ने सैकड़ों समर्थकों के साथ ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर ‘लोकतंत्र के लिए मार्च’ निकाला। इस मार्च का उद्देश्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ याचिका सौंपना था। मार्च में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, डी. राजा, एम. ए. बेबी, तेजस्वी यादव, सुप्रिया सुले, संजय राउत और दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर सोमवार शाम चार से छह बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। वे उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे, जिसमें कथित ‘वोट चोरी’ रोकने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR पर रोक लगाने और मतपत्रों के जरिए चुनाव कराने की व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई थी। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने इन आरोपों के संबंध में राहुल गांधी से मुलाकात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले उच्चतम न्यायालय में न्यायिक प्रक्रिया के तहत पहले से विचाराधीन हैं।
इस बीच, राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कथित तौर पर बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने और अनियमितताओं को लेकर सोमवार को उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठा रहे हैं। इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच तेजस्वी यादव का दिल्ली में ऑटो से सफर करने वाला वीडियो भी सुर्खियों में है।