Bihar Politics: दिल्ली में राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक से दो दिनों के भीतर सीएम के पद से इस्तीफा दे देंगे। बिहार में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के लिए तेजस्वी यादव ने बीजेपी को जिम्मेवार ठहराया है और नई सरकार के गठन से पहले बड़ा हमला बोला है। 


तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार की नई सरकार जबरन बनाई गई सरकार है। दो महीने हो गए कैबिनेट की मीटिंग नहीं हो रही है। सरकार में बैठे लोग सरकार बनाने में ही व्यस्त हैं। पहले एक सरकार पांच साल चलती थी लेकिन अब तो दो-दो महीने में सरकार बदल रही है। जेडीयू के लोग माथा पीट रहे हैं कि बीजेपी आ गई, बीजेपी ने धोखा दे दिया। 


तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी के जितने भी लोग हैं सभी को मुख्यमंत्री ही बनना है। जेडीयू के लोग चाहते हैं कि निशांत को मुख्यमंत्री बनाया जाए। इन लोगों ने बिहार को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि आज बिहार की क्या स्थिति हो गई है। सरेआम लोगों का गला काटा जा रहा है। अपराधियों के मन में पुलिस और सरकार का कोई खौफ नहीं है। बिहार की सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है।


वहीं दिल्ली में बिहार बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक रद्द होने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि अगर बीजेपी की बैठक रद्द हो गई है तो इसका कारण तो वही लोग बता सकेंगे। हम तो नहीं बता सकते हैं कि किस कारण से बैठक रद्द हुई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने तंत्र-मंत्र और मशीन तंत्र से इन लोगों ने जबरदस्ती सरकार बनाई है। लेकिन आज ऐसी स्थिति हो गई है कि दो महीने से कोई कैबिनेट की बैठक नहीं हुई है। सरकार का खजाना खाली हो गया है।