Monsoon Session of the Bihar Legislature: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आगाज हो चुका है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी दलों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया। इस दौरान विपक्ष ने राज्य के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की। उधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सदन में नहीं होने पर सत्ताधारी दल सवाल उठा रहे हैं। आरजेडी के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने पलटवार किया है।



आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कहा कि नीट पेपर लीक जो मामला हुआ है, इसके अलावा सरकार के द्वारा कई ऐसी परीक्षाएं ली जा रही थीं जिनका पेपर लीक हो गया। सरकार की नाकामी को उजागर करने के लिए हमारी पार्टी और गठबंधन ने विरोध मार्च किया है। वहीं राज्य के स्कूलों का रंग भगवा किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गलत बात है। किसी भी पार्टी की सरकार होती है, अभी तो एनडीए की सरकार है और सवाल तो नीतीश कुमार से पूछना चाहिए कि वह भी भगवा हो गए हैं क्या?



वहीं वंदे मातरम बिल लाए जाने के सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा है कि सरकार उनकी है, जो गलत होगा उसका विरोध हमलोग करेंगे। वंदे मातरम के खिलाफ हमलोग नहीं हैं। जो भी गलत बिल लाए जाएंगे हमारी पार्टी और महागठबंधन इसका विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि वंदे मारतम बिल का अध्ययन करने के बाद ही कुछ कहेंगे।



सदन से तेजस्वी यादव के सदन से गायब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सदन में नहीं हैं तो क्या हुआ भाई वीरेंद्र तो है न? पार्टी के अन्य नेता और जो भी कार्यकर्ता हैं वह तेजस्वी यादव के ही रूप में काम करते हैं।