Tej Pratap Yadav: बिहार में सुरक्षा पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। आरजेडी चीफ लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के चीफ तेज प्रताप यादव ने भी सरकार द्वारा दी गई सुरक्षा को वापस लौटा दिया है।


तेज प्रताप यादव ने इसकी जानकारी उन्होंने सोमवार (15 जून) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर दी। अपने पोस्ट में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी टैग किया और चेतावनी दी कि भविष्य में उनके साथ किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।


तेज प्रताप यादव के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया, "जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री तेज प्रताप यादव जी ने अपनी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं वापस कर दी हैं। यह मामला पहले से ही बिहार सरकार के संज्ञान में था। बिहार से बाहर रहने के कारण उन्हें सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन बिहार लौटते ही उन्होंने स्वयं अपनी सारी सुरक्षा वापस कर दी। अब उनकी सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की जवाबदेही सरकार की होगी। लोकतंत्र में विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है।"


गौरतलब है कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती की गई थी। इसके विरोध में लालू परिवार ने सरकारी सुरक्षा वापस करने का फैसला लिया। पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते लालू यादव और राबड़ी देवी को सुरक्षा मिली हुई थी, लेकिन सुरक्षा घटाए जाने के बाद दोनों ने इसे लौटा दिया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मीसा भारती ने भी अपनी सुरक्षा वापस कर दी थी। इसी क्रम में अब तेज प्रताप यादव ने भी सार्वजनिक रूप से सुरक्षा लौटाने की जानकारी साझा की है।


सरकार की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में कटौती किए जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, "ये सब पागल हो गए हैं। ये घृणा है। इस बात को लेकर हम कोई केयर नहीं करते हैं, जो करना है वो करो।" सुरक्षा कटौती का मुद्दा बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पटना से साहिल कुमार लिंगम की रिपोर्ट...