C Joseph Vijay: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को किसानों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया। उन्होंने सहकारी बैंकों से लिए गए 75,000 तक के कृषि ऋण को पूरी तरह माफ करने की घोषणा की। वहीं, 75,000 से 1 लाख तक के ऋण पर भी अधिकतम 75,000 तक की छूट दी जाएगी। 1 लाख से अधिक के ऋण पर अधिकतम 35,000 की कर्ज माफी का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि कृषि राज्य की रीढ़ है और देश की समृद्धि किसानों के सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि राज्य के सामने वित्तीय चुनौतियां होने के बावजूद सरकार ने किसानों को अतिरिक्त राहत देने का फैसला किया है। इस योजना के लिए सरकार करीब 953.06 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी।
विधानसभा में नियम 110 के तहत घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने बताया कि सरकार ने मई में सत्ता संभालने के 15 दिनों के भीतर 50,000 तक के कृषि ऋण माफ किए थे। इसके बाद 75,000 तक के ऋण को पूरी तरह माफ करने और 75,000 से अधिक के ऋण पर 35,000 तक की छूट देने का फैसला किया गया था। इससे 14.44 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिला।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 अगस्त 2026 को कृषि संगठनों के साथ बातचीत हुई थी। इसके बाद मौजूदा वित्तीय चुनौतियों और सहकारी बैंकों के साथ ऋण निपटान से जुड़े भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के बावजूद किसानों को अतिरिक्त राहत देने का निर्णय लिया गया।
नई व्यवस्था के तहत 75,000 तक के सहकारी कृषि ऋण पर 100 प्रतिशत कर्ज माफी होगी। 75,000 से 1 लाख के बीच के ऋण पर अधिकतम 75,000 की छूट और ₹1 लाख से अधिक के ऋण पर अधिकतम 35,000 की माफी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विजय के मुताबिक, इस फैसले से 1.38 लाख से अधिक किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से करीब 953.06 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नई राहत के बाद कुल कृषि ऋण माफी की राशि बढ़कर करीब 6,220 करोड़ हो जाएगी, जिससे कुल 13.34 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक राहत देना और कृषि क्षेत्र को मजबूत करना है।