Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को बिहार के भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह की याचिका खारिज कर दी। उन्होंने पटना हाई कोर्ट के 12 अगस्त के आदेश को चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने उनकी उस अर्जी को खारिज कर दिया था, जिसमें 2025 के विधानसभा चुनाव से जुड़ी चुनाव याचिका को निरस्त करने की मांग की गई थी।
मामला बिहार के मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। यहां से राजेश कुमार सिंह के चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग करते हुए एक चुनाव याचिका दायर की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि सिंह ने अपने आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया था।
राजेश कुमार सिंह ने इस चुनाव याचिका को कानून के अनुरूप नहीं बताते हुए पटना हाई कोर्ट में इसे खारिज करने की अर्जी दाखिल की थी। उनकी ओर से दलील दी गई थी कि चुनाव याचिका में कार्रवाई का कोई ठोस आधार नहीं बताया गया है। हालांकि, हाई कोर्ट ने 12 अगस्त को उनकी मांग ठुकरा दी थी।
हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए भाजपा विधायक ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। शनिवार को उनकी याचिका पर जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ के समक्ष सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान विधायक के वकील ने दलील दी कि राजेश कुमार सिंह चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार हैं और उनके खिलाफ चुनाव याचिका दायर की गई है। वकील ने बताया कि विधायक ने पहले हाई कोर्ट में इस याचिका को खारिज करने की मांग की थी। उनका तर्क था कि याचिका कानून के अनुसार नहीं है और इसमें किसी ठोस कार्रवाई का आधार भी नहीं दिया गया है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने राजेश कुमार सिंह की याचिका खारिज कर दी।