Bihar Politics: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने उद्घाटन समारोह पर सवाल उठाते हुए विरोध-प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका था, इसके बावजूद दोबारा करोड़ों रुपये खर्च कर केवल नामकरण के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया।



राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि नीतीश सेतु का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। ऐसे में दोबारा उद्घाटन समारोह आयोजित करने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च किए गए। सुधाकर सिंह ने यह भी कहा कि पुल का नाम सिख धर्म के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखा जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।



नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह के दौरान राजद समर्थकों की ओर से किए गए विरोध-प्रदर्शन पर सुधाकर सिंह ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ, वह विरोध था और प्रदर्शन करने वालों ने सही किया। पुल पर लगे पोस्टर और बैनर फाड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये पोस्टर-बैनर फर्जी तरीके से लगाए गए थे। संभव है कि किसी ने उन्हें उखाड़ दिया हो। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को विरोध का हिस्सा बताया।



सुधाकर सिंह ने नीतीश सेतु के निर्माण का श्रेय नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को देते हुए कहा कि यह पुल तेजस्वी यादव की सोच का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि पुल का निर्माण उनकी परिकल्पना के कारण संभव हो पाया।



सुधाकर सिंह ने उद्घाटन समारोह में तेजस्वी यादव को आमंत्रित किए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि जब पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका था, तो तेजस्वी यादव को दोबारा आयोजित कार्यक्रम में किसने बुलाया था? उन्होंने समारोह को लेकर भी सवाल खड़े किए।



पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होने को लेकर भी सुधाकर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार अपनी इज्जत बचाने के लिए कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। राजद सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे के साथ धक्का-मुक्की की घटना हुई थी। ऐसे में आशंका थी कि नीतीश कुमार के साथ भी ऐसी स्थिति बन सकती थी। इसी वजह से वे समारोह में नहीं पहुंचे।



सुधाकर सिंह ने कहा कि जब पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका था, तो ऐसे कार्यक्रम में उनके नेता तेजस्वी यादव को शामिल होने की जरूरत नहीं थी। नीतीश सेतु के नामकरण और उद्घाटन को लेकर राजद नेताओं के लगातार बयानों से बिहार में इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद जारी है।

रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना