Bihar Politics: बिहार के बक्सर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित पिपराकोठी में 17 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे की साजिश का आरोप लगाया है।
उन्होंने दावा किया कि इस जमीन की कीमत करीब 300 करोड़ रुपये है और वाटर पार्क बनाने के नाम पर इसे हड़पने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में उन्होंने बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह पर भी भूमाफियाओं के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है।
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुधाकर सिंह ने कहा कि करीब दो महीने पहले जब उन्होंने इस जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य का विरोध किया था, तब सरकार की ओर से उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई थी। उन पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया गया था।
RJD सांसद ने बताया कि इस मामले में उन्होंने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जिला प्रशासन से जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित जमीन पर कोई वाटर पार्क नहीं बनाया जा रहा है।
सुधाकर सिंह ने इसी जवाब के आधार पर जमीन पर निर्माण और वाटर पार्क बनाने के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वाटर पार्क के नाम पर करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है और इसमें भूमाफियाओं को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
हालांकि, बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह पर लगाए गए आरोप सुधाकर सिंह के दावे हैं। इस मामले में उनका पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे विवाद की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना