Bihar Politics: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी आज दिल्ली में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का हालचाल लेने मीसा भारती के आवास पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने लालू यादव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। लालू यादव की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही है। 




स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद उन्हें पटना से दिल्ली लाया गया था, जहां फिलहाल उनका इलाज एम्स में चल रहा है। लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। सोनिया गांधी की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा हो रही है।




स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद लालू प्रसाद यादव को पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने उनकी जरूरी जांच की और कुछ समय तक निगरानी में रखा। स्थिति स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 




इसके बाद बेहतर इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श के लिए उन्हें दिल्ली ले जाया गया। मीसा भारती ने भी पहले जानकारी दी थी कि लालू यादव की तबीयत स्थिर है और दिल्ली एम्स में उनका इलाज जारी है। इसी बीच सोमवार को सोनिया गांधी आज दिल्ली में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का हालचाल लेने मीसा भारती के आवास पहुंचीं।




लालू प्रसाद ने एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पहुँच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुई। स्मरण किया कि कैसे UPA सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, RTE, RTI जैसी कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया। सरदार मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए हम लोगों ने कैसे 1 लाख 45 हज़ार करोड़ से अधिक की धनराशि दी."