Bihar Politics: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्री बाबू) की जयंती के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। 




उन्होंने कहा कि “मोदी का बाप भी जेल जाएगा” जैसी भाषा भारतीय लोकतंत्र की गरिमा, सार्वजनिक जीवन की मर्यादा और भारतीय संस्कृति की परंपराओं के अनुकूल नहीं है। श्री बाबू जैसी महान विभूति की जयंती का अवसर समाज को प्रेरणा देने, उनके योगदान को याद करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का होता है, न कि राजनीतिक कटुता को बढ़ावा देने का।




डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन सार्वजनिक संवाद में भाषा की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक दल के शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी है। महापुरुषों की जयंती जैसे गरिमामय अवसरों पर ऐसी बयानबाजी उचित नहीं है। 




उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और कहा कि कार्यक्रम के आयोजकों को भी इस प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए खेद व्यक्त करना चाहिए। बिहार केसरी श्री बाबू का जीवन और योगदान बिहार के गौरव, सामाजिक न्याय तथा विकास की प्रेरणा है। ऐसे अवसरों की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और नेताओं का साझा दायित्व है।