PM Modi Bihar Visit: पीएम नरेंद्र मोदी ने वैशाली के राघोपुर में नीतीश सेतु का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी रथ पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। रथ पर सवार पीएम मोदी ने गमछा लहरा कर बिहार जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार की तस्वीर क्यों नहीं लगाई गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की पावन धरती पर आए हैं और एक साल आपने मौका दिया। एनडीए के शासन को 2025 में जिस तरह बिहार की जनता ने बड़ी बहुमत से नीतीश कुमार और एनडीए को आपने ताकत दिया, मैं बिहार की एक एक जनता को 202 सीट जीताने के लिए बधाई और शुभकामना देता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार को एक साल हो गए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आज यहां नीतीश सेतु का उद्घाटन हो रहा है। लोग चर्चा करते हैं कि नीतीश कुमार का फोटो नहीं है लेकिन आज यह पूरा पुल ही नीतीश मय हो गया। पुल का नाम ही नीतीश कुमार के नाम पर हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 में विकसित भारत का सपना देखा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार की समृद्धि का सपना देखा है।
उन्होंने कहा कि 2037 में जब बिहार 125 साल का होगा, तो समृद्ध बिहार की कल्पना को जमीन पर उतारना है। देश विकसित तब होगा जब बिहार समृद्ध होगा। आज लगभग 34 हजार करोड़ की योजना का शिलान्यास और उद्घाटन पीएम मोदी कर रहे हैं। कई जगह पर बसें चलने की व्यवस्था होगी और बिहार की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। जब से मैं मुख्यमंत्री बना, अब लोग बिहार लौटना चाहते हैं। इस बार जो छठ मनाया गया और केंद्र सरकार की तरफ से रेलवे से लेकर विमान सेवा तक जो सहयोग मिला, बिहार के लोगों को छठी मईया के पूजा में लाने का काम किया गया।
सीएम ने कहा कि सबसे गर्व की बात यह थी जब एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर छठी मईया के गीत चल रहे थे। सहयोग कार्यक्रम जो हम कार्यालय में किया करते थे सरजमी तक पहुंचाने का काम किया है। 19 मई से हमने सहयोग कार्यक्रम चलाया और अबतक साढ़े 10 लाख लोगों के आवेदन आए हैं। अगर 10 दिनों के भीतर किसी पदाधिकारी ने आदेश पारित नहीं किया तो मुख्यमंत्री कार्यालय से पहला नोटिस भेजने का काम किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अगर 20 दिन में किसी ने कार्रवाई नहीं की तो 21वें दिन सीएम कार्यालय से दूसरा नोटिस भेजते हैं, 25 दिन पर तीसरा नोटिस भेजा जाता है और 30 दिन में जब कोई पदाधिकारी काम नहीं करता है तो 31वें दिन उस पदाधिकारी को निलंबित करने का काम हमारी सरकार करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लाखों बच्चें पढ़ाई करने बाहर जाते हैं, कुछ कमाने जाते हैं और कुछ रोजगार करने जाते हैं। हमलोगों ने तय किया कि बिहार में लोगों को रोजगार देना है। अभी तक नीतीश कुमार बिहार में सड़क, बिजली, पानी और इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने का काम कर रहे थे लेकिन आज एनडीए की सरकार ने तय किया है कि हम बिहार में उद्योग का जाल बिछाएंगे। वैशाली में लगभग एक लाख लोगों को रोजगार देने का काम हमारी सरकार करने जा रही है।