Bihar Politics: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन के लिए जुटे। इस दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरव दास और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी समेत 500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई। इस कार्रवाई को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर केंद्र सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा।
रोहिणी आचार्य ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर नाराजगी जताते हुए लिखा, डराओ मत, धमकाओ मत, अब देश जाग चुका है। तानाशाही के खिलाफ देश का युवा अब सड़कों पर आ चुका है। उन्होंने इस मुद्दे पर लगातार कई पोस्ट साझा किए और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी बात रखी। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, सच बोलने वाली आवाज को जब-जब तुम दबाओगे, देश के हर कोने में तुम कई ध्रुव राठी और सौरभ पाओगे।
रोहिणी आचार्य ने एक अन्य पोस्ट में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी और CJP नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास तथा आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर की गई यह कार्रवाई सरकार की बढ़ती सख्ती को दर्शाती है।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने और एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। रोहिणी के मुताबिक, शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे युवाओं को इस तरह रोकना उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में संविधान के अनुच्छेद 19 का हवाला देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को दिल्ली की सीमाओं या एयरपोर्ट पर रोकना उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की कार्रवाई की निंदा करते हुए उनकी रिहाई की मांग की।