Bihar Politics: बिहार की 8 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। खासकर पटना स्नातक सीट को लेकर जेडीयू में घमासान थमता नहीं दिख रहा है। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जारी सियासी संग्राम पर विपक्षी दलों की पैनी नजर है। जेडीयू में दो फाड़ होने पर लालू प्रसाद के करीबी भाई बीरेंद्र ने पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत को सचेत रहने को कहा है।
मनेर से आरजेडी विधायक भाई बीरेंद्र ने जेडीयू में मचे घमासान पर चिंता जताई है और कहा है कि अगर जेडीयू को बचाना है तो नीतीश कुमार और निशांत कुमार को एक्टिव होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते हैं लेकिन पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी है। जनता दल नीतीश, जो लोग कहते थे उनमें से एक इधर है और एक उधर है, लेकिन दोनों आदमी का एक ही लक्ष्य है और वह है जेडीयू को तोड़ना।
आरजेडी विधायक ने कहा कि जेडीयू में सेंध लग गया है, धराशायी कब होगा, आगे देखते रहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से आग्रह करेंगे की वह होशियार हो जाएं। जैसे देहातों में चौकीदार लोगों को जगाते थे वैसे ही नीतीश कुमार और निशांत कुमार जाग जाएं और अपनी पार्टी की रक्षा करें। दोनों आदमी आपस में मिले हुए हैं और जेडीयू को खाने वाले हैं। आरजेडी विधायक का सीधा इशारा ललन सिंह और संजय झा की तरफ था।
बता दें कि एमएलसी चुनाव के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक सीट से जेडीयू उम्मीदवार आमने सामने आ गए हैं। अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अनंत सिंह का स्पष्ट कहना है कि वह नीरज कुमार को किसी भी हाल में चुनाव नहीं जीतने देंगे।
पार्टी में मचे घमासान को लेकर जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मुंगेर सांसद ललन सिंह को मसले को खत्म कराने का जिम्मा दिया है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी कहा है कि ललन सिंह पूरे मामले को देख रहे हैं हालांकि ललन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह अनंत सिंह के साथ हैं और उन्हें बिल्कुल सही ठहरा रहे हैं।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना