Bihar Politics: मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के बाद जेडीयू में घमासान बढ़ता जा रहा है। पूरी पार्टी दो धड़ों में बंटती दिख रही है। इस पूरे सियासी घटनाक्रम पर विपक्षी दलों की पैनी नजर है। खासकर पूरे प्रकरण पर आरजेडी की चील नजर है। आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने जेडीयू में मचे घमासान के पीछे की असली वजह बताई है।




जेडीयू की ताजा हालत पर चिंता जाहिर करते हुए आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार शारीरिक तौर पर तो ठीक हैं लेकिन मानसिक रूप से बीमार हैं। जिसके कारण पार्टी पर उनकी पकड़ खत्म हो गई है। पार्टी में उनके नीचे जो पदाधिकारी हैं बंदरबांट में लगे हैं और पार्टी समाप्त हो रही है। यही हाल रहा तो साल दो साल में जेडीयू समाप्त हो जाएगी।




मोकामा विधायक अनंत सिंह को जेडीयू से निकाले जाने के सवाल पर आरजेडी सांसद ने कहा कि बिहार में अनंत सिंह जैसे लोगों का कुछ नहीं बिगड़ेगा। बिहार में जो राजनीतिक हालत है, ऐसे लोगों की उपयोगिता बनी रहेगी। दल बदलते रहते हैं। अनंत सिंह स्थाई हैं और बिहार की राजनीति और राजनीतिक दल अस्थाई है। अनंत सिंह पर इसका कोई असर नहीं होने जा रहा है।




सुधाकर सिंह ने कहा कि आज वह हमारे साथ नहीं हैं लेकिन उनके साथ बहुत लोग हैं। जन सुराज के साथ घूम रहे हैं तो हो सकता है कि जन सुराज उन्हें अपने साथ ले जाए। अनंत सिंह निर्दलीय चुनाव जीतकर आते हैं। किसी चुने हुए जनप्रतिनिधि को अगर हम कमजोर कहते हैं तो माना जाएगा कि हम लोकतांत्रिक आदमी नहीं हैं। वह निर्दलीय चुनाव जीतकर आते हैं, जनता ने उन्हें ताकत दिया है।

रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना