Bihar Politics: केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट ने विधेयक में बदलाव के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले पर सियासत शुरू हो गई है। विपक्षी दलों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। बिहार में आरजेडी और कांग्रेस केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं तो वहीं तेजस्वी यादव की पार्टी के सासंद ने ही इसका समर्थन कर दिया है और इसे जरूरी बताया है।
दरअसल, आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि जो परिसीमन बिल आ रहा है, उसके हम पक्षधर हैं। देश में आबादी बढ़ गई है, सरकार के ऊपर जो भार पड़ रहा है। खासकर क्षेत्रफल और विकास के नाम पर, उस हिसाब से देश में परिसीमन होना चाहिए। अभी 2026 चल रहा है, 2027 में हमको बताइएगा कि डेढ़ गुना जनसंख्या कहा से बढ गया? अभी देश की जितनी आबादी से उससे डेढ गुना अधिक 2027 में हो जाएगी, तब अचानक क्या कीजिएगा। किसी चीज का भी नियम है।
उन्होंने कहा कि अगर किसी घर में शादी ब्याह है या पूजा पाठ है, उसके लिए पहले से तैयारी होता है। उसी तरह अगर अभी से ही तैयारी नहीं की जाएगी तो आगे कैसे होगा। समस्या है, इसलिए परिसीमन होना चाहिए और अभी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका बहुत लाभ जनता को मिलेगा। इससे विकास की गति और तेज होगी।
आरजेडी सांसद ने कहा कि लोगों का वोट गुप्त होता है। किसको वोट किया जाएगा यह कहा नहीं जाता है। मोदी, शाह या सम्राट चौधरी किसी से पूछने गए थे कि आप किसको वोट कीजिएगा? वोट तो मन में और गुप्त होता है। मौजूदा समय में परिसीमन बेहद जरूरी है और उसे तुरंत होना चाहिए।
उधर, आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भी ने कहा है कि 'देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। विकास और क्षेत्रफल के हिसाब से सरकार पर जिम्मेदारियां और दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए परिसीमन होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से जनता और जनप्रतिनिधि दोनों को फायदा होगा और विकास कार्य भी बढ़ेंगे। मैं इसके समर्थन में हूं।'
बता दें कि केंद्र की एनडीए सरकार लगाचार परिसीमन बिल की वकालत कर रही थी हालांकि विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे थे। बिहार में आरजेडी और कांग्रेस इस बिल के खिलाफ रहे हैं और आरोप लगाते रहे हैं कि बीजेपी अपने फायदे के लिए परिसीमन कराना चाहती है। तेजस्वी यादव भी कई बार परिसीमन का विरोध करते रहे हैं हालांकि अब केंद्रीय कैबिनेट के फैसले के बाद उनकी पार्टी के ही नेता और सांसद समर्थन में उतर आए हैं। ऐसे में बड़ा सवाल है कि तेजस्वी अब क्या करेंगे?