PATNA: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 11 जुलाई को पटना में छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर एक बड़े छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और विभिन्न संगठनों से सहयोग की अपील की है।


अगले महीने कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार दौरे पर पटना आ रहे हैं। 11 जुलाई को पटना में एक बड़े छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर कांग्रेस ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। 


राहुल गांधी ने पार्टी के महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के प्रमुखों को पत्र लिखकर इंडियन यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के 'छात्रों की गूंज' अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया है।


युवाओं के शोषण की सच्चाई सामने लाने की जरूरत: राहुल गांधी

अपने पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना, बार-बार पुनर्परीक्षा, भर्तियों में देरी, सरकारी नौकरियों की कमी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की बढ़ती लागत ने युवाओं और उनके परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है।


उन्होंने कहा कि कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' रैली के माध्यम से उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर व्यापक चर्चा की शुरुआत की थी। राहुल गांधी ने कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली युवाओं को अवसर देने के बजाय उन्हें कर्ज, तनाव और मानसिक दबाव के दुष्चक्र में धकेल रही है। उन्होंने पत्र में लिखा कि देश के युवाओं के शोषण की सच्चाई को उजागर करने की जरूरत है और इसके लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।


'देश के बच्चों को न्याय नहीं मिल रहा': कांग्रेस

बिहार कांग्रेस के सूचना एवं पत्राचार विभाग के प्रभारी असित नाथ तिवारी ने कहा कि नीट पेपर लीक के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में कई छात्रों ने आत्महत्या की है, जो बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।


असित नाथ तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और इसी उद्देश्य से वे 11 जुलाई को पटना आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के बच्चों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।